देश

MP Weather Today: ठंडी हवाओं से ठिठुरा मप्र, पचमढ़ी में पारा 5.4 डिग्री, जानें कहां है शीतलहर का अलर्ट

मध्य प्रदेश में ठंडी हवाएं ठिठुरने पर मजबूर करने लगी हैं। लगातार पारा गिर रहा है। दिन में हवाओं में ठंडक महसूस की जाने लगी है। तीन दिनों से हवाओं का रुख उत्तरी होने से पारा गिर रहा है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान साढ़े पांच डिग्री तक पहुंच गया है। सीजन में पहली बार पारा यहां तक गया है। अगले दो दिन मौसम ऐसा ही बना रह सकता है, उसके बाद पारा और लुढ़केगा, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी। अगले 24 घंटों के लिए छतरपुर-जबलपुर जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। इसके लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र की रिपोर्ट कहती है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान शहडोल, सागर, नर्मदापुरम व भोपाल संभाग के जिलों में सामान्य से काफी कम रहा। अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि मौसम शुष्क रहेगा। छतरपुर-जबलपुर जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। इसके लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के बड़े शहरों का हाल

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
भोपाल 26.8 10.5
इंदौर 26.4 12.3
जबलपुर 26.5 9.1
ग्वालियर 27.4 9.2

मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो दिन और रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा, सीजन में पहली बार पारा साढ़े पांच डिग्री गया है। पचमढ़ी में 5.4, नौगांव में 6.5, उमरिया में 7.4, रायसेन में 7.8, बैतूल में 8.5, दतिया में 9, छिंदवाड़ा-जबलपुर में 9.1, ग्वालियर में 9.2, खजुराहो-मंडला में 9.5 डिग्री न्यूनतम तामपान दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान की बात करें तो इसमें भी गिरावट चल रही है। दमोह को छोड़ दें तो प्रदेश के सभी जिलों में दिन का पारा 30 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे गर्म दमोह रहा। दमोह में 30, खरगोन में 29.8, राजगढ़ में 29.5, रीवा में 29.2, मंडला में 28.6, उज्जैन में 28.5, नर्मदापुरम-रतलाम में 28.2, खंडवा-नौगांव में 28.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक बता रहे हैं कि हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं और बर्फबारी से मध्य प्रदेश में ठंड जोर पकड़ने लगी है। एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। उसके प्रभाव से ऊपरी हिस्से के पहाड़ों पर बर्फ और पानी गिर रहा है। इस वजह से वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आने वाली बर्फीली हवाएं प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं। जानकारों की मानें तो सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद मध्य प्रदेश में सर्दी और जोर पकड़ने लगेगी।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button