देश

2024 Election: फिर शुरू हुई विपक्षी एकजुटता की कवायत, अखिलेश ने नीतीश और ममता को लेकर दिया यह बयान

2024 लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने पक्ष में दावे कर रहे हैं। वहीं, विपक्षी एकजुटता को लेकर भी लगातार कई दलों की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद ममता बनर्जी ने कई विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात की थी और एकजुटता बनाने की कोशिश की थी। हालांकि, उनका यह प्रयास धीरे-धीरे कम हो गया है। बिहार में एनडीए गठबंधन से बाहर होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी विपक्षी दलों से मुलाकात की थी और 2024 को लेकर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की थी। हालांकि, उनकी कवायद भी फिलहाल धीमी दिखाई दे रही है। ऐसे में अब इस कोशिश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जुट गए हैं।

मैनपुरी लोकसभा सीट पर मिले उपचुनाव में जीत के बाद अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का उत्साह अपने चरम पर है। सूत्रों का दावा है कि अखिलेश यादव 2024 चुनाव को लेकर राष्ट्रीय राजनीति पर पूरी तरीके से फोकस करना चाहते हैं। इसी कड़ी में अखिलेश यादव का बड़ा बयान आया है। अखिलेश यादव ने साफ तौर पर कहा है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मिलकर सब प्रयास कर रहे हैं ताकि एक मजबूत विकल्प बन सके। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई बेरोजगारी अपने चरम पर है। उत्तर प्रदेश के साथ धोखा हुआ है। 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत होगी।

 

अखिलेश यादव ने साफ तौर पर कहा कि मैनपुरी की परिणाम ने नकारात्मक राजनीति को ठुकराया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को समृद्धि और विकास के रास्ते पर होना चाहिए था। पर अब वह कहां है? इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 5 साल बाद भाजपा सरकार को निवेशकों को बुलाना याद आया है। पिछले 5 साल से आप क्या कह रहे थे? आपको बता दें कि 2017 में अखिलेश यादव की सत्ता को हटाकर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने थे। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद से मैनपुरी सीट खाली हुई थी। यहां पर अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल यादव को चुनावी मैदान में उतारा था। वह लोकसभा सदस्य निर्वाचित हो गई हैं। डिंपल यादव ने आज लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इस दौरान अतिथि दीर्घा में अखिलेश यादव बैठे थे।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button