भोपालः मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद यहां एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। इस बात की जानकारी मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं उनके बेटे दीपक जोशी ने दी हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पिताजी का बंसल अस्पताल में आज सुबह निधन हो गया। कैलाश जोशी का जन्म 14 जुलाई 1929 को हुआ था। वह 1977-1978 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।
कैलाश जोशी 1977 तारीख 26 जून को मध्यप्रदेश के 14वें पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बने। 17 जनवरी 1978 तक सीएम पद पर रहे। वे जनसंघ के समय संगठन को मध्य प्रदेश में मजबूत करने के लिए काम करते रहे। 1955 में कैलाश जोशी पहली बार हाटपीपल्या नगर पालिका अध्यक्ष रहे। इसके बाद 1962 से निरंतर देवास जिले के बागली से विधायक रहे।1951 में वे भारतीय जनसंघ की स्थापना के सदस्य भी रहे।
उन्होंने मध्यप्रदेश में जनसंघ एवं भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके परिवार में तीन बेटे एवं तीन बेटियां हैं। उनकी पत्नी का निधन कुछ महीने पहले ही हुआ है। जोशी मध्यप्रदेश विधानसभा में 8 बार विधायक रहे। वह राज्यसभा एवं लोकसभा के सदस्य भी रहे। उनका अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के देवास जिले में उनके गृह नगर हाटपिपल्या में सोमवार को किया जाएगा।