देश

1960 के बाद रायपुर में कांग्रेस का सबसे बड़ा आयोजन आज से, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

रायपुर। कांग्रेस का महाधिवेशन आज से छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुरू होने जा रहा है। ये अधिवेशन आज से लेकर 26 फरवरी तक चलेगा। इस अधिवेशन में शामिल होने के लिए कांग्रेस के कई दिग्गज नेता रायपुर पहुंचे है। इसमें 15 हजार डेलीगेट्स शामिल होंगे। पार्टी के इस 85वें महाधिवेशन के पहले दिन ही कांग्रेस की विषय संबंधी समिति राजनीति, अर्थव्यस्था, अंतरराष्ट्रीय मामलों, कृषि, सामाजिक न्याय एवं युवा एवं शिक्षा पर प्रस्तावों पर विचार करेगी।

कांग्रेस के 3 दिनों के महाधिवेशन के दौरान बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद है। इसमें 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए एक रोडमैप तैयार होने की संभावना है। 1960 के बाद रायपुर में यह कांग्रेस का इस तरह का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है। अक्टूबर 1960 में रायपुर में कांग्रेस का एक विशेष अधिवेशन हुआ था। उसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु, लाल बहादुर शास्त्री सहित पूरा केंद्रीय और प्रांतीय नेतृत्व पहुंचा था।
कांग्रेस का यह महाधिवेशन ऐसे समय हो रहा है कि जब आगामी लोकसभा चुनाव में करीब एक वर्ष का समय बचा है और विपक्षी एकजुटता के संदर्भ में लगातार चर्चा हो रही है। ये महाधिवेशन कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रायपुर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार सुबह रायपुर पहुंच जाएंगे।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बीते रविवार को कहा था कि इस महाधिवेशन में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी एकजुटता के संदर्भ में चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का तीन दिवसीय महाधिवेशन रविवार को खत्म होगा। इस महाधिवेशन में कांग्रेस ने करीब 15000 लोगों को आंमत्रित किया है, जिनमें डेलीगेट (प्रतिनिधि) होंगे।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button