देश
महाराष्ट्र के नासिक जिले में हादसा, बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर; 10 की मौत, 18 घायल
मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक जिले में चांदवड गांव के पास मुंबई-आगरा हाईवे पर मंगलवार को बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 18 अन्य घायल हो गए। घायलों को चंदवाड के एक उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आठ यात्रियों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। बचाव अभियान जारी होने के कारण मुंबई-आगरा हाईवे पर यातायात कुछ घंटों के लिए बंद कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, बस जलगांव से मुंबई के पास वसई की ओर आ रही थी। ट्रक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि टक्कर से पूरी बस के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने बताया कि चंदवाड और हाईवे पुलिस अब भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।