देश

मप्र के 4 संभागों में बौछारें पडने का अनुमान

भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। हवा का रुख भी लगातार पश्चिमी बना हुआ है। वातावरण में नमी कम रहने के कारण तापमान भी बढ़ा हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में दर्ज किया गया। वहां लू भी चली। खजुराहो देश के सबसे गर्म शहरों में तीसरे नंबर पर आ गया। 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ उप्र का झांसी पहले नंबर पर रहा। उधर, मंगलवार को सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक सागर में नौ, दमोह में दो, सिवनी में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। जबकि भोपाल, ग्वालियर में बूंदाबांदी हुई। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं का रुख लगातार पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो रही है। इस तरह की स्थित अभी बनी रहने की संभावना है। बुधवार को भी सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं लू चल सकती है।मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी एनएन साहू ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर ओडिशा तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़ से होकर जा रही है। इन मौसम प्रणालियों के असर से तेज रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।साथ ही कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छिटपुट वर्षा भी हो रही है। बुधवार को भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, शहडोल, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button