देश

CM शिवराज का बड़ा ऐलान : लोकमाता अहिल्या देवी के जन्मदिन पर होगा ऐच्छिक अवकाश, पाल, बघेल एवं धनकर समाज के लिए बनेगा कल्याण बोर्ड

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि लोकमाता अहिल्या देवी के जन्मदिन पर ऐच्छिक अवकाश रखा जाएगा। सीएम शिवराज ने ग्वालियर जिले के बेहटा में आयोजित बघेल समाज के संभाग स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लोकमाता अहिल्या देवी के नाम पर बघेल, पलेर और धनकर समाज का कल्याण बोर्ड बनाया जाएगा।

सीएम ने कहा- लोकमाता मां अहिल्यादेवी विश्ववंद हैं। सबकी पूजनीय हैं। इंदौर में लोकमाता अहिल्यादेवी का स्मारक बन रहा है। उसको भव्य स्मारक का स्वरूप दिया जाएगा। इन्दौर बस स्टैंड का नाम लोक माता अहिल्या देवी होल्कर के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लोकमाता अहिल्यादेवी के जन्मदिन पर ऐच्छिक अवकाश रखा जाएगा।

समाज के कल्याण के लिए कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा : सीएम
बेहटा में आयोजित बघेल समाज के सम्मेलन में सीएम शिवराज ने कहा कि मैं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चरणों की सौगंध खाकर कहता हूं की बघेल समाज के कल्याण के लिए कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा। सीएम ने कहा कि पिछड़े समाज की प्रगति का जब कार्य किया जाता है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है। लेकिन, प्रदेश में पिछड़ी जातियों के हितार्थ के लिए कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य किया जाएगा।

शिक्षा की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी : सीएम

सीएम ने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिए और उनकी जिंदगी बदलने के लिए मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए मेधावी छात्रवृत्ति के साथ पाल, बघेल समाज के छात्र-छात्राओं को मेडीकल एवं इंजीनियरिंग की शिक्षा के लिए भी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। मेडिकल, इंजीनियरिंग की शिक्षा हिंदी भाषा में शुरू होने से पाल, बघेल एवं गरीब समाज के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिलबाई ने देश एवं दुनिया में सुशासन का जो मंत्र दिया, उसके इन कार्यों को आज भी याद किया जाता है।

माता अहिल्याबाई अत्याचारियों के खिलाफ लड़ी : केंद्रीय मंत्री सिंधिया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पाल बघेल समाज के त्याग को देश की 140 करोड़ जनता कभी भूल नहीं पाएगी। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर के कार्य एवं सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मातृ शक्ति के रूप में वे विश्व में ही नहीं बल्कि पूरे ब्रह्माण्ड में मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि माता अहिल्याबाई ने रणभूमि में नेतृत्व करते हुए अत्याचारियों के विरूद्ध लड़ाई लड़ी। माता अहिल्याबाई ने भारत की आर्थिक एवं आध्यात्मिक शक्ति को देश में प्रज्ज्वलित करने का काम भी किया। उन्होंने देश के विभिन्न स्थानों पर हिन्दू मंदिर व धर्मशालाओं का भी निर्माण कराया।

सिंधिया ने कहा कि पाल, बघेल व धनकर समाज से उनका खून का रिश्ता है। इस समाज से उनके पारिवारिक संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया एवं कैलाशवासी माधवराव सिंधिया ने भी पाल बघेल समाज का कंधे से कंधा मिलाकर उनके उत्थान के कार्य किए।

अहिल्याबाई के बलिदानों को देश भुला नहीं पाएगा : केंदीस मंत्री तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारे बीच में त्याग, तपस्या और बलिदान की पूजा होती है। न्याय और कर्म की पूजा होती है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने न्याय और बलिदान का जो कार्य किया है उसे यह देश भुला नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में बेहटा तिराहे पर मां अहिल्या की प्रतिमा स्थापित हो जाने से यह तिराहा अब अहिल्या तीर्थ बन गया है। कृषि मंत्री तोमर ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने देश की आजादी में ही अग्रणी कार्य नहीं किया, बल्कि काशी विश्वनाथ मंदिर की स्थापना का भी अनुकरणीय कार्य किया है। बघेल समाज के उत्थान के लिए भी मध्यप्रदेश सरकार अनेक कार्य कर रही है।

इन्होंने किया माता अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व प्रदेश के उद्यानिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम में पहुंचने के पूर्व बेहटा में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button