छीपानेर से देवास के 69 गांव की सिंचाई के लिए मिलेगा पानी, अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री
: सीहोर। सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नसरुल्लागंज के ग्राम छीपानेर पहुंचे, जहां उन्होंने लिफ्ट सिंचाई योजना व राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर कमिश्नर व कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारी से खाद्यान्न का मिलान कराया।
सीएम ने 5 जनवरी से छीपानेर से देवास के 69 गांव की सिंचाई के लिए पानी देने व सीहोर व हरदा जिले को व छोटी छीपानेर व बड़ी छीपानेर को जोड़ने वाले पुल का निरीक्षण कर 30 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व वे जिले के ग्राम ससली पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा नेता रघुनाथ सिंह भाटी के पिता स्वर्गीय जीवन सिंह भाटी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जीवन सिंह भाटी का 24 नवंबर को निधन हो गया था।
छीपानेर से लिफ्ट सिंचाई योजना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि छीपानेर में एक लिफ्ट इरीगेशन की योजना है, जिससे छीपानेर से देवास के 69 गांव की सिंचाई होगी। उन्होंने उसके काम व गुणवत्ता को देखकर उसे ठीक बताया।