देश

महागठबंधन मजबूत तरीके से देशहित में काम करने के लिए बना : लालू यादव

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सोमवार को कहा कि महागठबंधन मजबूत तरीके से देशहित में काम करने के लिए बना है। राजद विधायक दल की बैठक में लालू प्रसाद ने कहा कि सभी लोगों को मिलकर देश की हालत, महंगाई, बेरोजगारी, गिरती हुई अर्थव्यवस्था, धार्मिक उन्माद, नफरत की राजनीति, बदले की कारवाई और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग, इन सभी सवालों को जनता के बीच ले जाना चाहिए।

लालू यादव ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन में उपस्थित होकर अपने विधाई कार्यों का निर्वहन करने और एकजुट होकर काम करने के निर्देश विधायकों को दिए। उन्होंने कहा कि देश में किसान, मजदूर और नौजवान सभी परेशान हैं। महंगाई से आम आवाम काफी परेशान है और इन परिस्थितियों में राजद की भूमिका और बढ़ जाती है। हमने सदैव सामाजिक सौहार्द और एकता को कभी विखंडित होने नहीं दिया।

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सभी विधायकों को सदन में मौजूद रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बिहार में महागठबंधन के एकता को लेकर भ्रम फैलाना चाहती है। भाजपा को हकीकत पता है कि महागठबंधन के रहते बिहार में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। भाजपा कहती है कि विपक्ष वाले मोदी को हटाने की बात करतें हैं।

तेजस्वी ने कहा कि यह देशहित में होगा। भाजपा के भ्रम फैलाओ और नफरत कि राजनीति को विधानसभा के मानसून सत्र समाप्ति के बाद जनता के बीच ले जाइए। बिहार देश में सबसे ज्यादा नौकरी का विज्ञापन निकालने वाले पहले राज्य की पंक्ति में आकर खड़ा हो गया। हम लगातार रोजगार और नौकरी देने के लिए काम कर रहे हैं।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button