देश

एमपी विधानसभा चुनाव 2023: नरेंद्र सिंह तोमर ने गिनाये पार्टी के 10 प्रमुख संकल्प, बताया कैसे तैयार हुआ भाजपा का “संकल्प पत्र”

मध्य प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह ने आज सोमवार को ग्वालियर में संभागीय मीडिया सेंटर पर मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के संकल्प पत्र के 10 प्रमुख संकल्प दोहराए, उन्होंने कहा कि बीस साल पहले मध्यप्रदेश कहां था, यह आज की युवा पीढ़ी को पता नहीं है। पिछले 20 सालों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने काम से एक बीमारू राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने इस संकल्प पत्र को तैयार करने के पीछे की मेहनत और उद्देश्य बताये ।

भाजपा का संकल्प पत्र पीएम मोदी की गारंटी है 

नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इन 20 सालों में मध्यप्रदेश विकास के सभी मापदंडों पर आगे बढ़ा है। चाहे प्रति व्यक्ति आय हो, कृषि उत्पादन हो, या फिर बिजली, पानी और सड़कों की स्थिति, सभी मामलों में मध्यप्रदेश तेज गति से आगे बढ़ा है। इन 20 सालों में हमारी सरकार ने वो काम तो किए ही हैं, जिनका हमने वादा किया था। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र का नाम मोदी की गारंटी, भाजपा का भरोसा मध्यप्रदेश संकल्प पत्र 2023 रखा गया है। संकल्प पत्र के नाम से ही संदेश साफ है कि मोदीमय नेतृत्व में भाजपामय मध्यप्रदेश के रास्ते पर भाजपा चुनाव के दंगल में उतरी है और कांग्रेस को इसके कारण भारी पराजय का सामना करना पडे़गा। यह मात्र संकल्प पत्र नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के लिए  मोदी जी द्वारा दी गई गारंटी है, क्योंकि एमपी के मन में मोदी है।

तोमर ने बताया कैसे तैयार हुआ संकल्प पत्र  

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि संकल्प पत्र को तैयार करने में 21 दिनों तक चली जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान 1500 से अधिक जन आकांक्षा पेटियों से मिले सुझाव और प्रदेश के सभी 52 जिलों में आयोजित हुए प्रबुद्ध सम्मेलन में मिले विचार शामिल है। संकल्प पत्र में मप्र के अगले 5 साल के ब्लूप्रिंट को प्रदेश की जनता के समक्ष रखकर यह प्रमाणित किया है कि भाजपा ही मध्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि हमारे संकल्प पत्र की मूल बात गरीब कल्याण है और इसके लिए हमारी पार्टी रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म पर जोर देती है।

हम अपने संकल्प पत्र का अक्षरशः पालन करते हैं : तोमर 

उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र, मेनिफेस्टो, संकल्प पत्र या विजन डॉक्यूमेंट की महत्ता धीरे-धीरे घटती जा रही है। इसकी वजह यह है कि कई राजनीतिक दलों ने चुनाव से पहले जनता को लुभाने का काम किया और बाद में वादे भुलाने का काम किया है। वादा करो, भूल जाओ और जनता को गुमराह करो। लेकिन भारतीय जनता पार्टी अकेली ऐसी पार्टी है, जिसने इस डॉक्यूमेंट को अपने काम का रोड मैप बनाया है। यह हमारा रिकॉर्ड है कि हम अपने संकल्प पत्र का अक्षरशः पालन करते हैं।

तोमर बोले- हमारी पार्टी रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म पर जोर देती है

भाजपा के लिए संकल्प पत्र कितना महत्वपूर्ण है, यह इस तथ्य से पता लग जाता है कि हमारे यहां जो सरकार आती है, वो कैबिनेट मंत्रियों की एक उप समिति बनाती है और उसे संकल्प पत्र पर अमल करने की जिम्मेदारी दी जाती है। सभी मंत्री अपने-अपने विभागों से संबंधित घोषणाओं का पालन कराते हैं। भारतीय जनता पार्टी अपने स्तर पर इस काम की मॉनीटरिंग करती है। उन्होंने कहा कि हमारी योजनाओं की मूल बात गरीब कल्याण है और इसके लिए हमारी पार्टी रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म पर जोर देती है।

भारतीय जनता पार्टी के 10 संकल्प

1-  5 वर्षों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का क्रियान्वयन करते हुए सभी गरीब परिवार को मुफ्त राशन के साथ रियायती दर पर दाल, सरसों का तेल एवं चीनी उपलब्ध करवाएंगे।
2- मध्य प्रदेश का कोई भी परिवार बेघर नहीं रहेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही मुख्यमंत्री जन आवास योजना शुरू करेंगे।
3-  लाड़ली बहनों को मासिक आर्थिक सहायता के साथ आवास का लाभ मिलेगा।
4-  एमएसपी के साथ बोनस 2,700 रूपए प्रति क्विंटल पर गेहूं एवं 3,100 रूपए प्रति क्विंटल पर धान की खरीद की व्यवस्था करेंगे।
5-  पीएम किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभार्थियों को वार्षिक ₹12,000 देंगे।
6-  तेंदूपत्ता संग्रहण दर 4,000 रूपए प्रति बोरा देना सुनिश्चित करेंगे।
7-  गरीब परिवार के सभी छात्रों को 12वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करेंगे।
8-  सरकारी स्कूल में मिड-डे मील के साथ अब पौष्टिक नाश्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा।
9-  प्रत्येक संभाग में आईआईटी के तर्ज पर मध्य प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एवं एम्स की तर्ज पर मध्य प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस स्थापित किया जाएगा।
10-  प्रत्येक परिवार में कम से कम एक रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर सुनिश्चित करेंगे।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button