देश

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर भाजपा कर रही राजनीति : कांग्रेस

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के राहुल गांधी को पत्र लिखे जाने के बाद कांग्रेस ने बुधवार को जवाबी हमला बोला। कांग्रेस ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य एक गंभीर मुद्दा है लेकिन इस पर दलगत राजनीति नहीं की जा सकती। पार्टी ने कहा कि अगर सभाओं के लिए कोई प्रोटोकॉल होता, तो भारत जोड़ो यात्रा निस्संदेह उनका पालन करती।
पार्टी के महासचिव और संचार प्रभारी, जयराम रमेश ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राजस्थान के एक भाजपा सांसद के कहने पर राहुल गांधी को पत्र लिखा था। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया था कि भारत जोड़ो यात्रा कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रही है। जयराम ने कहा, इस सांसद का पत्र उनके राज्य में भारत जोड़ो यात्रा की अपार सफलता के बाद भेजा गया है।
यात्रा ने बुधवार को हरियाणा में प्रवेश किया। 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करने के बाद यात्रा विराम लेगी और 3 जनवरी को फिर से शुरू होगी।
रमेश ने कहा, संसद में सामान्य रूप से कामकाज हो रहा है। उड़ानों सहित कहीं भी मास्क अनिवार्य नहीं है। भाजपा ने राजस्थान और कर्नाटक में यात्राएं निकाली हैं।
जीनोम सीक्वेंसिंग पर कल जारी किए गए एक आदेश को छोड़कर केंद्र से राज्यों को कोई सलाह नहीं दी गई है। यह भी याद किया जा सकता है कि मार्च 2020 में, मोदी सरकार ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए कम से कम एक सप्ताह तक लॉकडाउन लगाने में देरी की थी, उन्होंने कहा।
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने पत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से देश और जनता के हित में कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन करने या भारत जोड़ो यात्रा स्थगित करने का अनुरोध किया था।
राजस्थान के संसद सदस्य के पत्र पर चिंता व्यक्त करते हुए मंडाविया ने मास्क, सैनिटाइजर और अन्य सावधानियों के उपयोग के प्रोटोकॉल का पालन करने पर जोर दिया।
राजस्थान में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जाए। मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि इस यात्रा में सिर्फ कोविड वैक्सीन लगे लोग ही हिस्सा लें। यात्रियों को शामिल होने से पहले और बाद में आइसोलेट किया जाए, राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखे गए पत्र में मंडाविया ने ये बात कही।
मंडाविया ने पत्र में आगे कहा, अगर कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन संभव नहीं है, तो सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल को देखते हुए और देश को कोविड महामारी से बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा स्थगित करें।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button