देश

फिर सक्रिय हो रहा डब्ल्यूडी, फरवरी पहले वीक हल्की बारिश संभव

जबलपुर। तेजी से बदल रहे मौसम और पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में तेज घट बढ़ चालू है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार 28 जनवरी को जहां रात का न्यूनतम पारा 17.2 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं आज 29 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही 11.7 पर आ गया। मौसम विद तापमान में आज और उतार की संभावना जाहिर कर रहे हैं।
परसों मंगलवार 31 जनवरी से इसमें फिर बढ़ोत्तरी होगी। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव को बताया जा रहा है। संभावना यह भी जताई गई है कि एक साथ दो-दो रैनी सिस्टम के चलते फरवरी के पहले वीक में पूर्वी मध्यप्रदेश के अधिकांश भागों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों में बर्फवारी भी हो सकती है।
मौसम विदों के इतर लोग इसे बसंत पंचमी से जोड़कर भी देख रहे हैं। उनका तर्क है कि बसंत ऋतुराज के नाम से जाना जाता है। उनके आगमन पर सभी ऋतुएं उनके अभिनंदन को अपनी उपस्थिति दर्ज कराती हैं। बहरहाल अगले एक सप्ताह मौसम में तेज परिवर्तन संभव हैं।
स्थानीय मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ के साथ दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है। एक साथ दो-दो रैनी सिस्टम के असर से अगले 3-4 दिनों में हल्की बारिश संभावित है। मौसम वेधशाला में आज सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा।
दो दिन पूर्व न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन का अधिकतम तापमान कल शाम 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आज इसमें और बढ़ोत्तरी संभव है। गत वर्ष आज ही के दिन अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button