देश

कमलनाथ के बयान पर CM शिवराज का पलटवार, कहा- ये प्रदेश का अपमान, जनता इसे नहीं सहन करेगी

भोपाल। मध्य प्रदेश में नई शराब नीति पर सियासत गरमाई हुई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कमलनाथ के बयान पर पलटवार करते हुए जमकर हमला बोला। सीएम ने बयान जारी करते हुए कहा कि कमलनाथ को प्रदेश की माटी, यहां के संस्कारों और संस्कृति से लगाव नहीं है। वे यहां की जड़ों से नहीं जुड़े हैं। वे मध्य प्रदेश को ‘मदिरा प्रदेश’ कह रहे हैं, ये मध्य प्रदेश का अपमान है। यह यहां की संस्कृति और परंपराओं का अपमान है। उन्होंने प्रदेश का जो अपमान किया है, उसे जनता नहीं सहन करेगी।

अपमानित करें, प्रदेश का नहीं : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा- कमलनाथ प्रदेश की जनता को ऐसे आहत ना करें। उनका विरोध भारतीय जनता पार्टी से है तो वे हमें अपमानित करें, लेकिन प्रदेश का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने अगर आबकारी नीति बनाई है, तो जनभावनाओं को देखते हुए बनाई है। महिलाओं के सम्मान को देखते हुए और नशे को हतोत्साहित करने के लिए बनाई है।

ठेकेदारों ने किया था उप दुकान खोलने का फैसला

सीएम शिवराज ने कमलनाथ के मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यकाल का संदर्भ देते हुए कहा कि उस समय शराब ठेकेदारों द्वारा उप दुकान खोल सकने का फैसला किया गया था। उसकी राशि तय कर दी गई थी कि कितने करोड़ देकर उप दुकान खोल सकेंगे। लाइसेंस के नियम को आसान करने की नीति कमलनाथ सरकार ने बनाई थी। उस सरकार ने ऑनलाइन शराब बेचने, महिलाओं के लिए अलग से शराब की दुकान खोलने का फैसला किया था।

प्रदेश का अपमान जनता सहन नहीं करेगी : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस की नीति ठेकेदारों के लिए बनती थी। उनके दवाब में बनती थी। भाजपा की नीति नशे को हतोत्साहित करने, महिलाओं के सम्मान को बरकरार रखने के लिए है, इसलिए सारे अहाते बंद करने का फैसला किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का विरोध हो, लेकिन मध्यप्रदेश का अपमान ना हो। कम से कम मध्य प्रदेश के लिए तो मन में सम्मान का भाव होना चाहिए। प्रदेश का अपमान किया गया है, जनता इसे सहन नहीं करेगी।

कमनाथ ने दिया था ये बयान

प्रदेश में पिछले दिनों शराब संबंधित नए नियम आने के बाद सियासत गरमाई हुई है। कमलनाथ बुधवार को छिंदवाड़ा में थे। इस दौरान उन्होंने आबकारी नीति 2023-24 को लेकर शिवराज सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश की छवि बदलकर मदिरा प्रदेश की कर दी है। उनके इस बयान का भाजपा की ओर से कड़ा विरोध हो रहा है। इसी बयान पर गुरुवार को सीएम शिवराज ने पलटवार किया।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button