देश

Cyber Fraud: साइबर ठग को बिहार से उठा लाई पुलिस, खाते से उड़ाए थे 01 लाख 95 हजार रुपये

 जबलपुर। केवायसी अपडेट करने की लिंक भेजकर संजीवनी नगर निवासी महिला से साइबर ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने बिहार के पटना शहर से गिरफ्तार कर लिया। उसे बिहार से जबलपुर लाया गया और प्रकरण में विधिवत गिरफ्तारी उपरांत कोर्ट के निर्देश पर जेल भेज दिया गया। साइबर ठग के दूसरे साथी की तलाश की जा रही है। सितंबर 2022 में हुई साइबर ठगी की शिकायत पर पुलिस ने 13 मई को अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआइआर दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। आरोपित का पता चलने पर पुलिस अधीक्षक टीके विद्यार्थी के निर्देश पर पुलिस टीम को बिहार भेजा गया था।

यह है मामलाः

संजीवनी नगर निवासी 50 वर्षीय महिला वंदना केशरवानी ने 13 मई को पुलिस थाने में साइबर ठगी की शिकायत की थी। पुलिस को बताया कि स्टेट बैंक कमला नेहरू नगर शाखा में उनका खाता है। 23 सितंबर 2022 को रात लगभग 8.30 बजे उनके मोबाइल पर योनो एसबीआइ एप के नाम से मैसेज के साथ लिंक आई थी। लिंक ओपन कर केवायसी अपडेट करना था। लिंक ओपन करने के बाद उन्होंने अपना आधारकार्ड और पेन नंबर डाल दिया, जिसके बाद ओटीपी आई। लिंक में ओटीपी डालते ही बैंक में जमा एक लाख 95 हजार रुपये खाते से निकल गए। रकम निकलने का मैसेज प्राप्त हुआ जिसमें जानकारी दी गई थी कि राशि आइसीआइसीआइ बैंक में ट्रांसफर हुई है।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button