दुनिया

कंटेनर से लदा जहाज पुल से टकराया, देखते ही देखते ब्रिज का बड़ा हिस्सा टूटकर पानी में समाया…

बाल्टीमोर। अमेरिका के बाल्टीमोर में मंगलवार तड़के कंटेनर से लदा पानी का एक बड़ा जहाज फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज से टकरा गया। टक्कर के बाद पुल का एक बड़ा हिस्सा टूटकर पानी में समा गया। बताया जाता है कि दुर्घटना के वक्त कई गाड़ियां और लोग पुल पर मौजूद थे। कई कारों और लोगों को पानी में देखा गया। बाल्टीमोर फायर डिपार्टमेंट ने पुल के ढहने से बड़े पैमाने पर जानमाल की क्षति होने की आशंका जताई है। नदी में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बता दें कि पेटाप्सको नदी के ऊपर बने इस पुल का निर्माण 1977 में हुआ था। यह ब्रिज फ्रांसिस स्कॉट को समर्पित है, जिन्होंने अमेरिका का राष्ट्रगान लिखा है। कार्गाे शिप की लंबाई 948 फीट बताई जा रही है। टक्कर के बाद जहाज भी डूब गया। दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें जहाज को पुल से टकराते हुए देखा जा सकता है। टक्कर के बाद जहाज में आग लग जाती है और फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज का एक हिस्सा देखते ही देखते नदी में समा जाता है।

इस ब्रिज की लंबाई 3 किमी बताई जा रही है। दाली नाम के जहाज पर सिंगापुर का ध्वज लगा था। जहाज ग्रेस ओशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की बताई जा रही है, जिसका मैनेजमेंट सिनर्जी मरीन ग्रुप के पास था। यह जहाज श्रीलंका जा रहा था। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के वक्त पुल पर कितने लोग और वाहन मौजूद थे। मैरीलैंड ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी के मुताबिक ब्रिज पर हादसे के बाद सभी लेन बंद कर दी गई हैं और ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है।

सम्बंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button