जबलपुर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जबलपुर पहुंचे। हाईकोर्ट के सामने महाधिवक्ता कार्यालय के नए भवन का भूमि पूजन और गरिमायी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री मानस भवन पहुंचे हैं। जहां जिला प्रशासन द्वारा आयोजन संवाद कार्यक्रम में वे शहर के प्रबुद्धजनों से संवाद किया। उनके द्वारा लोगों से सुझाव लिए गए कि शहर का विकास समुचित रूप से किस तरीके से हो सकता है। इस कार्यक्रम के दौरान सामने आए प्रमुख प्रस्तावों को वे कार्यक्रम के दौरान ही सूचीबद्ध करेंगे और सरकार की ओर से उन पर अमल का भरोसा दिलाया। वहीं संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री वायुयान से भोपाल प्रस्थान कर गए। संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश की तकदीर बदलने वाली बात कही। उन्होंने कहा कि सड़कों ने मध्य प्रदेश की तकदीर बदली। अब पूरब से पश्चिम तक एक्सप्रेस वे बनाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भले इंदौर में हुआ पर 2 लाख 41 हजार करोड़ के निवेश जबलपुर के लिए हैं।
पहले तीन-तीन घंटे बिजली मिलती थी और लोग चड्ढी बनियान में घूमते थेः
मुख्यमंत्री ने संवाद कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों से चर्चा की। उन्होंने जबलपुर की कनेक्टिविटी को लेकर भी कहा। प्रदेश की सड़कों को लेकर कहते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों ने मध्य प्रदेश की तकदीर बदली। हम पूरब से पश्चिम तक एक्सप्रेस वे बनाएंगे। इसके साथ ही जबलपुर के लिए कहा कि दोनों ओर टाउनशिप और औद्योगिक कारीडोर बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने डकैत, नक्सलवाद समाप्त किया और सिमी के नेटवर्क को स्वस्थ किया है। चंबल के बीहड़ में अब डकैत नहीं रह गए। प्रदेश में 14 रोपवे मंजूर हुए हैं जैसे उज्जैन में रेलवे स्टेशन से उतरो तो महाकाल मंदिर तक जाने रोपवे मिलेगा। ऐसे ही अब जबलपुर में भी प्लान कर रहे हैं। सड़क पर दबाव कम करेंगे। उन्होंने कहा कि 2003 तक मई जून में 3-3 घंटे बिजली मिलती थी और लोग चड्डी बनियान में घूमते थे। आज 24 घंटे बिजली मिल रही है। एशिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट रीवा में बना है। जिसके बाद अब बांधों में सोलर पैनल बिछाएंगे और ग्रीन एनर्जी पैदा करेंगे।
किसानों को बताया सबसे बड़ा उपभोक्ताः
एग्रीकल्चर ग्रोथ रेट 18 प्रतिशत रही उन्होंने कहा कि 2003 तक साढ़े 7 लाख हेक्टेयर सिंचाई थी आज 46 लाख हेक्टेयर सिंचाई रकवा पहुंच गया है। जिसे 2026 तक 65 लाख हेक्टेयर सिंचाई रकबा ले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहले 100 लाख मैट्रिक टन गेहूं का उत्पादन था जो कि अब 700 लाख मैट्रिक टन पहुंच गया है। एमपी का गेहूं और बासमती दुनिया में धूम मचा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कृषि उत्पादन के हमने नए रिकार्ड बना दिए हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा उपभोक्ता किसान है फसल पैदा कर किसान अधिक खरीदी करता है तो दुकानें चली हैं। दुकानें चलीं तो कारखाने चले।
सोशल चेंज का बड़ा माध्यम बनेगी लाडली बहनाः
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बेटियों और बहनों को लेकर अपने उद्बोधन में कहा कि पहले प्रदेश में हजार बेटों पर 900 बेटियां थीं और कोख को कत्लखाना बना दिया गया था। लेकिन अब अब 956 बेटी हैं। उन्होंने कहा कि सोशल चेंज का बड़ा माध्यम लाड़ली बहना बनेंगी। बहनों की मैं गारंटी लेता हूं वो पैसे का दुरुपयोग नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण पुलिस की भर्ती में मिल रहा है। देश में सबसे पहले महिला आरक्षण एमपी ने किया। इसके साथ ही बजट पर उन्होंने कहा कि इस साल 3 लाख 14 हजार करोड़ का बजट लाए हैं। उन्होंने कहा कि एक हजार करोड़ रुपये हम बच्चों की फीस भरते हैं।
जबलपुर की धरती पर नर्मदा कारीडोर का सपना साकार होगाः
प्रदेश की चीता पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हम टाइगर स्टेट, घड़ियाल स्टेट अब चीता स्टेट हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बहुत जल्द जबलपुर की धरती पर नर्मदा कारीडोर का सपना साकार होगा औ जबलपुर को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमे सांस्कृतिक धरोहर को बचाकर रखना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भले इंदौर में हुआ पर 2 लाख 41 हजार करोड़ के निवेश जबलपुर के लिए हैं। उन्होंने कहा कि पहला मेगा प्लांट सिटी जबलपुर में बनाएंगे और जबलपुर के विकास में जबलपुर वालों का योगदान लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने संवाद कार्यक्रम में कहा कि ग्लोबल स्किल पार्क जबलपुर की धरती पर बनेगा। इसके साथ ही बोन मेरो ट्रांसप्लांट यूनिट जबलपुर में खोला जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ते का मैं विरोधी हूं क्योंकि चिड़ियां अपने बच्चों को पंख देती है। उन्होंने कहा कि आइए हमारे साथ विकास में सहभागी बनिए।
मानस भवन में जिला प्रशासन ने कराया आयोजनः
मानस भवन में जिला प्रसासन द्वारा संवाद कार्यक्रम का आयोजन कराया गया है। जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों से लेकर शहर के प्रबुद्धजन इस आयोजन में शामिल रहे।
Related